गुरुवार 27 फ़रवरी 2025 - 11:50
हौज़ा-ए-इल्मिया प्रतिरोधी आंदोलनों के साथ खड़ा हैं; शहीद सैयद हसन नसरुल्लाह के जनाज़े ने लेबनानी समाज की एकता को मज़बूत किया है।

हौज़ा / ईरान के हौज़ा-ए-इल्मिया के प्रमुख आयतुल्लाह अली रज़ा आराफी ने लेबनान में शहीद सैयद हसन नसरुल्लाह के लाखों लोगों की मौजूदगी वाले जनाज़े के अवसर पर जारी अपने संदेश में कहा कि कब्ज़े के खिलाफ प्रतिरोध करना एक धार्मिक कर्तव्य है, जिसकी बुनियाद अल्लाह पर ईमान और इस्लामी शिक्षाओं पर आधारित है। हौज़ा-ए-इल्मिया हमेशा प्रतिरोधी संगठनों और आंदोलनों के साथ खड़े रहे हैं।

हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार , आयतुल्लाह आराफी ने शहीद सैयद हसन नसरुल्लाह के जनाज़े में प्रतिरोधी मोर्चे की व्यापक भागीदारी के अवसर पर एक संदेश जारी किया। संदेश का पूरा पाठ इस प्रकार है:

बिस्मिल्लाहिर्रहमानिर्रहीम

يَا أَيَّتُهَا النَّفْسُ الْمُطْمَئِنَّةُ ارْجِعِي إِلَىٰ رَبِّكِ رَاضِيَةً مَرْضِيَّةً فَادْخُلِي فِي عِبَادِي وَادْخُلِي جَنَّتِي

ऐ संतुष्ट आत्मा! अपने पालनहार की ओर लौट चल, इस हाल में कि तू उससे प्रसन्न है और वह तुझसे प्रसन्न है। फिर मेरे बंदों में शामिल हो जा और मेरी जन्नत में प्रवेश कर।

लेबनान के भाइयों और बहनों! महान लेबनानी राष्ट्र की संतानों तथा इमाम सैयद मूसा सद्र, शेख रागिब हर्ब, सैयद अब्बास मूसवी, सैयद हसन नसरुल्लाह और सैयद हाशिम सफीउद्दीन के अनुयायियों!

आप सभी पर अल्लाह की सलामती, रहमत और बरकतें हों।

शहीद महासचिव सैयद हसन नसरुल्लाह (रहमतुल्लाह अलैह) की शहादत के साथ आज दुनिया ने ऐसे नेतृत्वकर्ता को खो दिया है, जिसकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकेगी। जैसा कि इमाम जाफर सादिक (अ.स.) ने फरमाया है:

إِذَا مَاتَ الْمُؤْمِنُ الْفَقِيهُ ثُلِمَ فِي الْإِسْلَامِ ثُلْمَةٌ لَا يَسُدُّهَا شَيْءٌ

"जब कोई मोमिन और धर्मशास्त्र का विद्वान दुनिया से चला जाता है, तो इस्लाम में ऐसी दरार पैदा हो जाती है, जिसे कोई चीज़ भर नहीं सकती।"

प्रतिरोध के शहीदों के सरदार सैयद हसन नसरुल्लाह और उनके वफादार साथी सैयद हाशिम सफीउद्दीन (रिजवानुल्लाह अलैहिमा) को खोने का हमारा दुख शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। इन दोनों महान हस्तियों ने शहादत का गौरवपूर्ण पद प्राप्त किया। आज वे अल्लाह की ओर से प्रदान किए गए उसके अनुग्रह पर प्रसन्न हैं और उन लोगों के लिए भी खुशी महसूस कर रहे हैं, जो अभी उनके साथ शामिल नहीं हुए हैं। उन्हें न कोई भय होगा और न वे दुखी होंगे।

इसके विपरीत, उनके अपराधी हत्यारों को अपने किए का परिणाम भुगतना होगा। अल्लाह का बदला लेने का वादा सत्य है। जैसा कि उसने फरमाया है कि हम अपराधियों से बदला लेंगे।

ज़ायोनी दुश्मन ने शहीद सैयद हसन नसरुल्लाह की हत्या करके उन्हें पराजित करने की कोशिश की, लेकिन लाखों लोगों के जनाज़े में उमड़े आंसुओं और गम से भरे दिलों ने यह सच्चाई उजागर कर दी कि पाक खून तलवार पर विजय प्राप्त करता है। इस विजय को उस संघर्षशील धर्मशास्त्री के मार्ग पर चलने वालों के दृढ़ कदमों और अटूट संकल्प ने आगे बढ़ाया है। यही वास्तविकता दुश्मनों के अपने उद्देश्यों में विफल होने का प्रमाण है।

इस महान शहीद के जनाज़े में लाखों लोगों की भागीदारी, जिसमें लेबनान के सभी समुदायों के मुसलमानों, ईसाइयों और विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं के लोगों ने हिस्सा लिया, ने लेबनानी समाज की आंतरिक एकता को मजबूत किया। इसने एक बार फिर साबित किया कि प्रतिरोध इस धरती की रक्षात्मक ढाल और लेबनान की ऐसी मजबूत ताकत है, जिस पर ज़ायोनी कब्ज़े और आक्रमणों का मुकाबला करने के लिए भरोसा किया जा सकता है।

इस समारोह में सुन्नी भाइयों की भागीदारी भी इस बात का प्रमाण है कि शहीद सैयद हसन नसरुल्लाह ने इस्लामी मज़हबों के अनुयायियों के बीच एकता और आपसी निकटता को मजबूत करने के लिए जो प्रयास किए थे, वे सफल रहे।

इस जनाज़े में हरकत अमल और हिज़्बुल्लाह की मजबूत साझेदारी और एकजुटता ने फूट डालने की कोशिश करने वालों को करारा जवाब दिया है। इससे उन्हें यह सच्चाई समझ में आ गई कि वे राजनीतिक क्षेत्र सहित किसी भी अन्य क्षेत्र में अहलेबैत (अ.स.) के अनुयायियों के बीच कभी फूट पैदा नहीं कर सकेंगे। लेबनान का सम्मानित और गौरवशाली शिया समुदाय अपने ही घर, यानी सर्वोच्च इस्लामी शिया परिषद में मजबूती और स्थिरता के साथ कायम रहेगा।

लेबनान में लाखों लोगों की भागीदारी वाला जनाज़ा, श्रद्धांजलि सभाएं और दुनिया के अन्य देशों में इस शहीद के सम्मान में निकाले गए प्रतीकात्मक जनाज़े इस बात का प्रमाण हैं कि उनका संदेश दुनिया के राष्ट्रों और स्वतंत्रता पसंद लोगों तक पहुंच चुका है।

यह व्यापक जनभागीदारी क्षेत्र के लोगों और दुनिया के स्वतंत्रता पसंद समुदायों के बीच हिज़्बुल्लाह की जनसमर्थन में वृद्धि का प्रमाण है। साथ ही यह इस आंदोलन के मैदान में अपनी मौजूदगी जारी रखने के दृढ़ संकल्प को भी दर्शाती है। यही वह वास्तविकता है, जो एक बार फिर अधिकृत फिलिस्तीनी क्षेत्रों के भीतर भय का समीकरण वापस स्थापित करेगी।

हौज़ा-ए-इल्मिया एक बार फिर इस बात पर जोर देते हैं कि कब्ज़े के खिलाफ प्रतिरोध करना एक धार्मिक कर्तव्य है, जिसकी बुनियाद अल्लाह पर ईमान, पवित्र कुरआन की शिक्षाओं और पैगंबर-ए-इस्लाम (स.अ.) की सुन्नत पर आधारित है।

हौज़ा-ए-इल्मिया हमेशा प्रतिरोधी संगठनों, आंदोलनों और अपने मुजाहिद भाइयों के साथ खड़े रहे हैं। इसी कारण उन्होंने अपना धार्मिक कर्तव्य समझते हुए उच्च धार्मिक मरजइयत के प्रतिनिधियों वाले उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल और प्रतिष्ठित शिक्षकों के साथ इस जनाज़े में भाग लिया और अपने इस ईश्वरीय कर्तव्य के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

हौज़ा-ए-इल्मिया गर्व के साथ उन तमाम संगठनों, व्यक्तित्वों, समुदायों, धर्मों और मज़हबों के अनुयायियों तथा दुनिया के स्वतंत्रता पसंद लोगों के प्रति आभार और सलाम पेश करते हैं, जिन्होंने इस राष्ट्रीय शोक समारोह में भाग लिया।

हमारी कामना है कि अंतिम विजय और क्षेत्र से ज़ायोनीवाद के कैंसर रूपी अस्तित्व का अंत जल्द से जल्द हो।

وَمَا النَّصْرُ إِلَّا مِنْ عِنْدِ اللَّهِ الْعَزِيزِ الْحَكِيمِ

और विजय तो केवल अल्लाह की ओर से है, जो प्रभुत्वशाली और तत्वदर्शी है।"

आयतुल्लाह अली रज़ा आराफी

प्रमुख,ईरान के हौज़ा-ए-इल्मिया क़ुम

टैग्स

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
captcha